रीवा:जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की. मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें. पंजीकृत मजदूरों को रोजगार के अवसर देने तथा जीआईएस प्लान के अनुसार कार्य कराने पर विशेष ध्यान दें. विभिन्न योजनाओं में अधूरे निर्माण कार्यों को 31 जुलाई तक पूरा कराएं. समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा न होने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी.
जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सभी ग्राम पंचायतों में उपयुक्त स्थानों में एक पेड़ माँ के नाम योजना के तहत वृक्षारोपण कराएं. वृक्षारोपण कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा आमजनों की भागीदारी सुनिश्चित करें. वीबी जीराम जी योजना के तहत रीवा और मऊगंज जिले की 820 ग्राम पंचायतों में 742 ग्राम पंचायतें ही कार्यशील हैं. सिरमौर, जवा, रायपुर कर्चुलियान, हनुमना, रीवा जनपद पंचायतों में सर्वाधिक पंचायतें नॉन वर्किंग हैं.
जनपद के सीईओ 27 जुलाई तक सभी ग्राम पंचायतों को वर्किंग करें. दोनों जिलों की 820 ग्राम पंचायतों में से 798 ग्राम पंचायतों ने ही अपने जीआईएस प्लान सिपरी पोर्टल में दर्ज किए हैं. शेष 22 ग्राम पंचायतें तीन दिन में प्लान सिपरी पोर्टल में दर्ज करें. बैठक में जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी, जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, सहायक लेखा अधिकारी, उपयंत्री और ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे.
