स्वयं की छत का सपना अधूरा

उज्जैन: एक छोटा सा घर हो अपना, ये सबसे बड़ा सपना हर गरीब परिवार का होता है, नीलगंगा क्षेत्र की मंछामन कॉलोनी के 281 हितग्राहियों के लिए ऐसे आशियाने की उम्मीद पिछले नौ वर्षों से अधूरी है.वर्ष 2017 में शुरू हुआ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंछामन मल्टी का निर्माण वर्ष 2026 तक भी पूरा नहीं हो सका है. जिन परिवारों ने नगर निगम में अग्रिम राशि जमा कर दी, वे आज भी किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं.

ठेकेदार बदले, नहीं बदले हालात
निर्माण कार्य के दौरान कई बार ठेकेदार बदल गए. कुछ कंपनियां काम अधूरा छोड़कर चली गईं, नए टेंडर हुए और नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई. वर्तमान में जयपुर की कंपनी पुराने अधूरे निर्माण को पूरा कर रही है. भवनों में रंग-रोगन सहित कई कार्य हो चुके हैं, बावजूद अभी भी पूरा प्रोजेक्ट तैयार नहीं हो पाया है.

बदमाशों ने कर दिया परेशान
हाल ही में मंछामन कॉलोनी में बदमाशों द्वारा निर्माण स्थल पर हमला कर कर्मचारियों से मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना के बाद कुछ समय के लिए काम प्रभावित हुआ. इसके बाद नीलगंगा थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया, लेकिन हितग्राहियों का सबसे बड़ा सवाल आज भी वही है कि आखिर उन्हें अपने घर की चाबी कब मिलेगी.

आयुक्त और महापौर भी जुटे
महापौर मुकेश टटवाल और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्र कई बार निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दे चुके हैं. इसके बावजूद कभी भुगतान संबंधी विवाद तो कभी अन्य कारणों से निर्माण कार्य रुक-रुक कर आगे बढ़ता रहा.

बदल सकती है मल्टी की जगह!
अब इस परियोजना को लेकर एक नई चर्चा भी सामने आने लगी है. मंछामन मल्टी के आसपास तेजी से बड़े विकास कार्य हो रहे हैं. यूनिटी मॉल, महाकाल भक्त निवास, चौड़ी सड़कें और अन्य आधुनिक परियोजनाएं इस पूरे क्षेत्र का स्वरूप बदल रही हैं. ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या गरीबों की यह मल्टी इसी स्थान पर रहेगी या भविष्य में इसे किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया जा सकता है.

एक और बड़ा प्रोजेक्ट आ रहा
नवभारत को मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम नीलगंगा स्थित कवेलू कारखाना परिसर की जमीन पर भी एक बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी कर रहा है. ऐसा हुआ तो मंछामन मल्टी के इस प्रोजेक्ट पर भी संकट के बादल छा सकते हैं, क्योंकि नया प्रोजेक्ट भी आवासीय और व्यावसायिक है.

समायोजन या राशि वापसी
यदि भविष्य में क्षेत्र की नई विकास योजना के अनुरूप बदलाव किए जाते हैं तो मंछामन मल्टी को लेकर भी नए सिरे से विचार किया जा सकता है. हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है. यदि कभी परियोजना को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया जाता है तो नगर निगम के सामने 281 हितग्राहियों द्वारा जमा कराई गई अग्रिम राशि का समायोजन या वापसी भी बड़ी चुनौती होगी.

Next Post

छात्रों के समर्थन में आई करीना कपूर और सारा अली खान, बोलीं- युवाओं की आवाज सुनना हमारी जिम्मेदारी

Fri Jul 24 , 2026
छात्र प्रदर्शन पर करीना कपूर खान और सारा अली खान ने प्रतिक्रिया दी। दोनों अभिनेत्रियों ने कहा- युवाओं की आवाज को नजरअंदाज न करें सरकार। मुंबई, बॉलीवुड सितारे इन दिनों देशभर में चल रहे छात्र प्रदर्शनों को लेकर लगातार अपनी राय रख रहे हैं। पहले जहां कई कलाकारों ने छात्रों […]

You May Like