इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों और स्कूलों की मेस-कैंटीनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बुधवार को कई प्रतिष्ठानों पर सघन जांच की.कार्रवाई के दौरान 17 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि करीब 1.35 लाख रुपये मूल्य का 208 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया गया. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने हिम्मतनगर पालदा स्थित श्रीनाथ एजेंसी से लस्सी और छाछ के नमूने लिए.
मेडीकैप्स इंटरनेशनल स्कूल की मेस के निरीक्षण में किचन और स्टोरेज में गंभीर अनियमितताएं मिलीं. अस्वच्छ तरीके से रखी खाद्य सामग्री, अधूरी लेबलिंग, निर्धारित तापमान पर संरक्षित नहीं किए गए फ्रोजन खाद्य पदार्थ और जंग लगे किचन उपकरण मिलने पर संबंधित सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई. स्कूल से पनीर, सौंफ, मूंगफली, राजमा और मूंग दाल के नमूने भी लिए गए.
मूसाखेड़ी स्थित नानकसर डेयरी फार्म से पनीर, मावा, दही और घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए. यहां संदिग्ध पाए गए 208 किलो घी को जब्त किया गया. राऊ स्थित श्री भोले कृपा डेयरी से भी दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए गए. अभियान के दौरान फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग कर मिलावट से बचाव और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया.
