आईआरसीटीसी की सोलापुर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन द्वारा “सप्त ज्योतिर्लिंग श्रावण स्पेशल यात्रा”

यह विशेष आध्यात्मिक यात्रा 11 अगस्त 2026 को सोलापुर से प्रारंभ होगी

भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी), रेल मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम, ने भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के अंतर्गत “सप्त ज्योतिर्लिंग श्रावण स्पेशल यात्रा” के संचालन की घोषणा की है। यह विशेष आध्यात्मिक यात्रा 11 अगस्त 2026 को सोलापुर से प्रारंभ होगी और श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों एवं पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करेगी।

13 रातें एवं 14 दिनों की यह विशेष यात्रा श्रावण मास के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए तैयार की गई है, जिसमें आध्यात्मिकता, सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा का समन्वय किया गया है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु द्वारकाधीश मंदिर (द्वारका), सोमनाथ ज्योतिर्लिंग (वेरावल), महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन), त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग (नासिक), घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग (छत्रपति संभाजीनगर के निकट) तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मार्कापुर) के दर्शन कर सकेंगे।

इस अवसर पर श्री गौरव झा, समूह महाप्रबंधक, आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र, ने बताया कि इस विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन में लगभग 750 यात्रियों के लिए व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए इकोनॉमी स्लीपर (SL), स्टैंडर्ड 3एसी तथा कम्फर्ट 2एसी श्रेणियों में यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।

यात्रा के लिए सोलापुर, कुर्डुवाड़ी, दौंड, पुणे, लोनावला, कर्जत, कल्याण, वसई रोड, दहानू रोड, वापी एवं सूरत सहित विभिन्न स्टेशनों पर बोर्डिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।

इस सर्वसमावेशी पैकेज में निम्न सुविधाएं शामिल हैं—

एसी एवं नॉन-एसी कोचों में आरामदायक रेल यात्रा
बजट होटलों में डबल, ट्रिपल अथवा क्वाड शेयरिंग आधार पर आवास
संपूर्ण यात्रा के दौरान शुद्ध शाकाहारी भोजन
दर्शनीय स्थलों के लिए एसी/नॉन-एसी वाहनों द्वारा स्थानीय परिवहन एवं भ्रमण
व्यापक यात्रा बीमा सुविधा
यात्रा के सुचारू संचालन हेतु अनुभवी आईआरसीटीसी टूर मैनेजरों की सेवाएं

आईआरसीटीसी द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से अपनी आध्यात्मिक यात्रा का आनंद ले सकें।

यात्रा पैकेज की प्रति व्यक्ति लागत निम्नानुसार निर्धारित की गई है—

इकोनॉमी स्लीपर (SL): ₹24,050
स्टैंडर्ड 3एसी: ₹39,730
कम्फर्ट 2एसी: ₹52,400

इस यात्रा के लिए बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आईआरसीटीसी के पर्यटन पोर्टल के माध्यम से की जा रही है।

अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए इच्छुक यात्री 8287931886 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा bgtmumbai@irctc.com पर ई-मेल भेज सकते हैं।

डॉ. ए. के. सिंह, प्रवक्ता, आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र, ने कहा कि यह पहल देश में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, किफायती एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारत गौरव पर्यटक ट्रेनें देश की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

 

Next Post

श्री राहुल हिमालियन ने आईआरसीटीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार संभाला

Wed Jul 22 , 2026
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री संजय कुमार जैन के त्यागपत्र के उपरांत, रेल मंत्रालय ने आईआरसीटीसी के निदेशक (पर्यटन एवं विपणन) श्री राहुल हिमालियन को आईआरसीटीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। भारतीय रेल यातायात […]

You May Like