
आदित्य सिंह
सीधी। विधानसभा में फिर से सीधी के अवैध प्लाटिंग का मामला गूंजेगा। डिंडोरी विधायक ने प्रदेश में अवैध प्लाटिंग को लेकर प्रश्र लगाया है। सीधी के अवैध प्लाटिंग की शिकायत पर भी चर्चा करेंगे।
प्रदेश विधानसभा में डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम द्वारा अवैध प्लाटिंग को लेकर तारांकित प्रश्न क्रमांक 1431 लगाकर जानकारी मांगी गई है। उनके प्रश्न के जवाब के लिये कलेक्टर सीधी को भी संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. भोपाल की ओर से पत्र क्रमांक 21205, दिनांक 3 जुलाई 2026 भेजा गया है। जिस पर सीधी से भी जवाब प्रेषित किया जा चुका है। दरअसल सीधी जिला मुख्यालय में ही अवैध कालोनियां तेजी से विकसित हो रही हैं। ऐसी कालोनियों में अपनी जमा पूंजा लगाने वालों को न तो मापदंड के अनुसार चौड़ी व्यवस्थित सडक़ें मिलेती हैं और न ही गंदे जल निकासी के लिये नाली व विद्युत सुविधा नजदीक में मिलती है। आने वाले समय में अवैध प्लाटिंग के चलते सीधी बड़ी चुनौतियों का सामना करेगा। बताते चलें कि अवैध कालोनियों पर विगत वर्ष प्रदेश के नगरीय एवं विकास आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा 23 जुलाई 2024 को समीक्षा बैठक में अधिकारियों का सख्त निर्देशित किया गया था कि प्रदेश में अवैध कालोनियों पर तत्काल रोक लगे और दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाय। विडम्बना यह है कि सीधी में उक्त आदेश पर धरातल में कोई कार्रवाई आज तक नहीं की गई, लिहाजा अवैध कालोनियों की बसाहट का काम तेजी के साथ चल रहा है।
००
आधा दर्जन से अधिक शिकायत की नपा ने भेजी जानकारी-
नगरपालिका सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डिंडोरी विधायक द्वारा अवैध प्लाटिंग की जानकारी हेतु लगाये गये प्रश्न के जबाब में नपा सीधी द्वारा नगर पालिका परिषद सीधी में अवैध प्लाटिंग से संबंधित शिकायतकर्ता बृजेश नाथ शास्त्री एवं माधवेश तिवारी द्वारा की गई आधा दर्जन से अधिक शिकायतों की जानकारी नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल को भेजी गई है।
००
सीधी विधायक भी विधानसभा में उठा चुकी हैं मामला
सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक विधानसभा में सीधी के अवैध प्लाटिंग के काले कारोबार का मामला उठा चुकी हैं। सीधी विधायक द्वारा उठाये गये मामले पर विभागीय मंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। जिला मुख्यालय में इसका कोई असर नजर नहीं आ रहा है। रेरा नियमों के विपरीत अब भी अवैध प्लाटिंग पूंजीपतियों द्वारा करके बेची जा रही है। अवैध प्लाटिंग के बाद लोगों को फंसाने के लिये दलालों का सहारा लिया जाता है।
००
नवभारत ने प्रमुखता से उठाया था मामला
सीधी में अवैध प्लाटिंग के चल रहे काले कारोबार के मामले को नवभारत द्वारा प्राथमिकता के साथ उठाया गया था। इसका असर यह है कि सीधी विधायक द्वारा भी अवैध प्लाटिंग के मामले को प्राथमिकता से लिया गया और विधानसभा में उठाने के साथ जिला स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के लिये जोर दिया जा रहा है।
इनका कहना है….
सीधी में अवैध कालोनियों का मामला संज्ञान में आया है। जनमानस के हितों के साथ मैं हमेशा खड़ा हूं । सीधी के अवैध प्लाटिंग पर प्रमुखता से विधानसभा में जवाब मांगा जायेगा।
ओमकार सिंह मरकाम, विधायक डिंडोरी
