
उज्जैन। नीलगंगा चौराहा पर शनिवार रविवार रात पुरानी रंजिश में भाजपा नेता के परिवार पर 20 से अधिक लोगों ने हथियारों से लैस होकर हमला किया। गोली लगने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। चाचा और चचेरा भाई घायल हुआ है। रविवार सुबह हमले में शामिल एक आरोपी का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया और हिरासत में लिया गया है। 4 अन्य आरोपी भी गिरफ्त में आए हैं जिसमें एक महिला शामिल है।
नीलगंगा चौराहा पर भाजपा नेता दिलीप गौरकर का परिवार निवास करता है। घर के सामने ही दरबार फूड्स रेस्टोरेंट है। 11 बजे के लगभग रेस्टोरेंट पर कुछ दूरी पर बनी जबरन कॉलोनी में रहने वाले पासी समाज के 18 से 20 बदमाश हाथों में हथियार लेकर पहुंचे और रेस्टोरेंट में बैठे लोकेश पिता स्व. प्रदीप गोरकर पर गोलियां चलाना शुरु कर दिया। विवाद की खबर लगते ही लोकेश का भाई जय गोरकर, चचेरा भाई तपत गोलकर और चाचा दिलीप गोरकर बीच बचाव करने आए तो हमलावरों ने उन पर भी गोलियां चलाई और हथियारों हमला किया। लोकेश गोली लगने पर गंभीर घायल हो गया उसके सगे भाई जय पर चाकू और तलवार से हमला किया। चाचा और चचेरे भाई पर हथियारों से हमला कर देसी कट्टे से फायर किए गए। चारों को अस्पताल ले जाया गया। निजी अस्पताल में लोकेश को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के चार घंटे बाद जय की भी मौत हो गई। चाचा और चचेरे भाई का उपचार चल रहा है। नीलगंगा पुलिस ने मामले में हत्या और हत्या के प्रयास में नामजद 8 आरोपियों रोशन पाली, नरेश पासी, राकेश पासी, संजय, रोहित, दुर्गेश और महिला मंजू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। अन्य की भी तलाश जारी है।
हत्या के एक आरोपी का एनकाउंटर
रात में हुए घटनाक्रम के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही थी। रविवार सुबह खबर मिली की हत्या का एक आरोपी लालपुर क्षेत्र में छुपा हुआ है। पुलिस की टीम उसे पकडऩे के लिए पहुंची और घेराबंदी की तो आरोपी नरेश पासी ने सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की जिसमें बदमाश नरेश के पैर में गोली लगने पर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने महिला आरोपी मंजू के साथ राकेश बंटी और एक अन्य को भी हिरासत में ले लिया है।
पुलिस की तैनाती, साथ अंतिम संस्कार
रात को ही घटना के बाद नीलगंगा क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान भी अधिकारियों के साथ तीन से चार थानों का पुलिस बल तैनात रहा। दोनों मृतक भाइयों के परिचित और रिश्तेदार सैकड़ों की संख्या में पोस्टमार्टम कक्ष से पहुंचे थे। दोपहर में दोनों भाइयों की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई जिससे क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया।इसके पूर्व निजी अस्तपाल में भी दोनों भाइयों के परिचित के साथ ही भारी पुलिस बल यहां पर मौजूद रहा। बता दें कि भाजपा नेता दिलीप गौरकर की शहर में अच्छी खासी पैठ है और स्थानीय नेताओं के काफी करीबी माने जाते हैं।
इनका कहना है
रात में गोरकर परिवार पर पासी पक्ष ने हमला किया था। घटना में दो सदस्यों की मौत हुई है। 1 आरोपी को शॉर्ट एंड काउंटर में पकड़ा गया। चार अन्य की गिरफ्तार की गई है जिसमें एक महिला है। सीसीटीवी देखकर अन्य की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं आठ नामजद आरोपी बनाए गए हैं।
-प्रदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक
