के कविता ने टीआरएस का पांच सूत्रीय एजेंडा ‘पांचजन्य’ जारी किया

हैदराबाद, 19 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष कलवकुंतला कविता ने रविवार को अपनी पार्टी का पांच सूत्रीय एजेंडा ‘पांचजन्य’ जारी किया। इसमें मुफ्त शिक्षा, सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा, युवा उद्यमियों को वित्तीय सहायता, किसान-केंद्रित शासन और सामाजिक न्याय का वादा किया गया है।

सुश्री कविता ने जगतियाल जिले के कोरुटला में ‘पांचजन्य संकल्प सभा’ के दौरान डॉ. रघु सहित कई नेताओं का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि उनके आने से संगठन मजबूत हुआ है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना में एक नये राजनीतिक विकल्प की जरूरत है।

टीआरएस नेता ने आरोप लगाया कि बीआरएस और कांग्रेस दोनों जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बीआरएस में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और पिछड़े वर्गों के कल्याण पर चिंता जताने के कारण उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया था। सुश्री कविता ने वादा किया कि टीआरएस सरकार निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की फीस खुद भरेगी और सभी बीमारियों का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन से इन कल्याणकारी उपायों को वित्तीय रूप से लागू करना संभव होगा।

टीआरएस नेता ने युवा उद्यमियों के लिए बिना गारंटी के दो लाख रुपये से लेकर 20 करोड़ रुपये तक के कर्ज की भी घोषणा की और हर सरकारी कार्यालय में किसानों के लिए समर्पित सेवा काउंटर बनाने का आश्वासन दिया। सुश्री कविता ने कांग्रेस सरकार पर किसानों, युवाओं और पिछड़े वर्गों से किये गये वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों और दिव्यांगों के लिए आरक्षण और कल्याणकारी उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार सुपर अल नीनो के संभावित प्रभाव से निपटने की तैयारी में विफल रही, जिससे पानी की किल्लत हो गयी और खेती पर संकट मंडरा रहा है।

यह दावा करते हुए कि कांग्रेस और बीआरएस दोनों कालेश्वरम परियोजना पर राजनीति कर रहे हैं सुश्री कविता ने मुख्यमंत्री पर सिंचाई के मुद्दों की समझ न होने का आरोप लगाया। सुश्री कविता ने बीआरएस में लौटने की संभावना को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा, “जब तक मैं जिंदा हूं, बीआरएस में शामिल नहीं होउंगी।”

इसके साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि अगले चुनाव में टीआरएस एक मजबूत राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी।

 

 

Next Post

बैतूल में कार-बाइक की टक्कर के बाद धू-धू कर जली बाइक, चालक ने कूदकर बचाई जान

Sun Jul 19 , 2026
बैतूल। रानीपुर रोड स्थित बंजारी माई मंदिर के पास रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर के बाद बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और कुछ ही मिनटों में जलकर […]

You May Like