जबलपुर: रांझी निवासी एक युवती को प्रॉपर्टी डीलर ने प्रेम जाल में फंसाने के बाद उसकी अस्मत लूटी बल्कि कम दाम में मकान दिलाने का झांसा देकर 3,50,000 हड़प लिए । पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, रांझी निवासी 45 वर्षीय युवती की मुलाकात वर्ष 2022 में गौरव कश्यप से हुई थी। गौरव रांझी स्थित रावण पार्क के पास गिफ्ट आइटम की दुकान चलाता था साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था।
उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर झांसे में लिया और मोबाइल पर कुछ मकानों व संपत्तियों की तस्वीरें दिखाकर बेहद कम दामों में नजूल का मकान दिलाने का भरोसा दिया। पीडि़ता ने ग्राम घाना खमरिया में एक मकान पसंद किया था। मकान फाइनल करने के नाम पर गौरव कश्यप ने उससे अलग-अलग किश्तों में कुल 3,50,000 नगद ले लिए। रकम ऐंठने के बाद जब पीडि़ता ने मकान की रजिस्ट्री के लिए कहा, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
इस बीच उसने शादी का झांसा देकर युवती के घर पर ही कई बार उसका शारीरिक शोषण भी किया। मकान और पैसे वापस न मिलने पर जब युवती ने दबाव बनाया, तो आरोपी ने 100 के स्टांप पेपर पर नोटरी कराकर लिखित समझौता किया। इसमें उसने तीन महीने के भीतर पूरी रकम लौटाने का वादा किया था। तय समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने पैसे नहीं लौटाए। उल्टा वह दूसरे मोबाइलों से पैसों के ट्रांजैक्शन के फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर युवती को गुमराह करता रहा। अब पीडि़ता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई ।
