
सिंगरौली । कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली ने शुक्रवार को विकासखंड चितरंगी के सात विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था मिली तो कई विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, साफ.-सफाई और शिक्षकों की उपस्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
डीईओ कविता त्रिपाठी ने लापरवाही मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने, अतिथि शिक्षकों को अवैतनिक करने तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय आमाचुआं संकुल धरौली में सुबह 9:40 बजे विद्यालय संचालित मिला। शिक्षक जगजीवन सिंह ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर विद्यालय संचालन करते पाए गए। कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों ने हिंदी और गणित के प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए तथा ब्लैकबोर्ड पर गुणा-भाग भी सही हल किया। डीईओ ने शिक्षक के कार्य की सराहना की। वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बगदरा कला संकुल खटाई में शैक्षणिक गतिविधियां लगभग शून्य मिलीं। कक्षा 6 की छात्राएं आंचल केवट और अर्चना केवट हिंदी नहीं पढ़ सकीं। कक्षा 8 के छात्र परम सुख साकेत सहित 15 विद्यार्थी अंग्रेजी के सामान्य शब्द हाऊ, बी, फ्रेश का अर्थ नहीं बता सके। विद्यालय प्रभारी अरुण कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
पोंड़ी के बच्चे नही सुना पाए वर्णमाला एवं गिनती-पहाड़ा
शाउमावि खटाई में कक्षा 12 के भौतिकी के अतिथि शिक्षक द्वारा अभी भी प्रथम अध्याय का पहला पृष्ठ पढ़ाए जाने पर डीईओ ने नाराजगी जताई और संबंधित अतिथि शिक्षक को अवैतनिक करने के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक विद्यालय पोंडी-3 में बच्चे वर्णमाला, गिनती और पहाड़े तक नहीं बता सके। प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रमिला ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि मोबाइल चलाते मिले अतिथि शिक्षक को भी अवैतनिक करने के आदेश दिए गए। निरीक्षण के अंत में डीईओ ने स्पष्ट किया कि सभी शिक्षक हमारे शिक्षक ऐप के माध्यम से समय पर ई-अटेंडेंस दर्ज करें तथा बच्चों की सीखने की क्षमता लर्निंग आउटकम में सुधार लाएं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में दर्जन भर मास्साहब मिले गैरहाजिर
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकरिया में निरीक्षण के दौरान दीना प्रसाद वर्मा उच्च माध्यमिक शिक्षक, चेत सिंह माध्यमिक शिक्षक, कृष्ण कुमार देव पांडेय अनुपस्थित मिले। वहीं बिहारी लाल वैश्य व्यावसायिक प्रशिक्षक-आईटी, अतिथि शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह, बृहस्पति प्रसाद गौरव, कांत रतन, दादू लाल सिंह, दिव्यांश कांत रतन, लाल कुमार सिंह, मीना सिंह तथा धीरेंद्र कुमार पांडेय भी अनुपस्थित पाए गए। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिपरवान में सभी शिक्षक उपस्थित मिले और कक्षाएं नियमित संचालित होती पाई गईं। जबकि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में कक्षाएं संचालित थीं, लेकिन परिसर में गंदगी और अव्यवस्थित फर्नीचर मिलने पर प्राचार्य एवं भृत्य को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
