नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) ने सेंट नॉर्बर्ट स्कूल, दमोह में विद्यार्थियों को किया जागरूक

दमोह। मप्र पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के अंतर्गत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (भापुसे) ने सेंट नॉर्बर्ट स्कूल, दमोह पहुंचकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज व भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तंबाकू, सिगरेट, शराब, गुटखा, तथा अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए बताया कि नशे की लत अनेक गंभीर व जानलेवा बीमारियों का कारण बनती है तथा व्यक्ति के मानसिक, शारीरिक व सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें.साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध, अवैध अथवा नशे से संबंधित गतिविधि दिखाई देती है, तो वह बिना किसी भय के तत्काल अपने शिक्षक, स्कूल प्रबंधन अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें.समय पर दी गई सूचना समाज को नशे के दुष्चक्र से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

पुलिस अधीक्षक ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों के व्यवहार में होने वाले परिवर्तनों पर सतत निगरानी रखें तथा यदि किसी छात्र के नशे की ओर आकर्षित होने की आशंका हो तो समय रहते उसके परिजनों व संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर आवश्यक मार्गदर्शन व सहायता उपलब्ध कराएं.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश देने का भी संकल्प लिया।दमोह पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी पहुंचाई जा सके और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके।

Next Post

कलेक्टर के निर्देश पर निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण, कमियां मिलने पर दी हिदायत

Fri Jul 17 , 2026
तेंदूखेड़ा/दमोह. कई दिनों से निजी स्कूलों में कमियों की शिकायतें प्रशासन तक पहुंच रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर तेंदूखेड़ा नगर के 4 निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया।एसडीएम सीजी गोस्वामी और तहसीलदार डॉ. विवेक व्यास ने दो-दो स्कूलों का […]

You May Like