वाशिंगटन, 16 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक बातचीत में अमेरिका-ईरान शांति समझौते को बदनाम करने वाले और इसको बिगाड़ने की कोशिश करने वाले इजराइली सोशल मीडिया अभियान से जुड़े लोगों को सीधे-सीधे शब्दों में संबोधित करते हुए ‘भाड़ में जाओ’ कहा है।
उन्होंने अभियान के पीछे के लोगों पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि वे ‘भाड़ में जाएं।’ उन्होंने ‘द जो रोगन एक्सपीरियंस’ पर तीन घंटे की बातचीत के दौरान इजराइल पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग किसी तय रणनीतिक लक्ष्य को हासिल करने की बजाय ईरान के साथ संघर्ष को अनिश्चितकाल तक खींचना चाहते हैं। श्री वेंस ने कहा, “हमें इस बात की अच्छी तरह जानकारी है कि उनके यहां ऐसे कुछ लोग हैं जो अमेरिकी जनमत को बदल रहे हैं और उसे प्रभावित कर रहे हैं ताकि युद्ध अनिश्चित काल तक चलता रहे।” श्री वेंस ने कहा कि इजराइली सरकार के लोगों से जुड़े व्यक्तियों ने उनके खिलाफ एक अभियान चलाया क्योंकि वह ईरान के साथ एक ऐसा समझौता करने की कोशिश कर रहे थे जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तय लक्ष्यों को पूरा करता हो। उन्होंने कहा कि इस अभियान में पत्रकारों को जानकारी लीक करना और सोशल मीडिया पर हमले करना शामिल था, जिसका मकसद उनकी कोशिशों को कमजोर करना था।
श्री वेंस ने अभियान के पीछे के लोगों का जिक्र करते हुए कहा, “भाड़ में जाओ।” उन्होंने कहा कि वह अमेरिकी लोगों के लिए जो सही समझते हैं, वह करते रहेंगे।
श्री वेंस ने हाल की उन खबरों का भी जिक्र किया जिनमें कहा गया था कि श्री ट्रंप के अभियान के एक पूर्व अधिकारी से पैसे पाने वाले लोगों ने, जिन्हें खुद इजराइली सरकार के लोगों से धन मिला था, ईरान पर उनके रुख को लेकर उन पर हमला किया था। उन्होंने कहा कि उन्हें अमेरिकी सरकार के भीतर से किसी संभावित समझौते की आलोचना या वाशिंगटन को प्रभावित करने की विदेशी सरकारों की कोशिशों से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, “इजराइल ऐसा करता है और दूसरे देश भी करते हैं।” उन्होंने कहा, “मुझे असल में तब बुरा लगता है जब अमेरिकी उस प्रभाव को अपने फैसलों पर असर डालने देते हैं।” श्री वेंस की ये टिप्पणियां ईरान के साथ युद्ध को लेकर इजराइली अधिकारियों की अब तक की सबसे कड़ी आलोचना हैं। उन्होंने पिछले महीने तेहरान के साथ वाशिंगटन की कूटनीति की आलोचना करने के लिए इजराइली सरकार के सदस्यों की सार्वजनिक रूप से निंदा की थी और कहा था कि अगर वह इजराइली मंत्री होते, तो दुनिया में बचे एकमात्र मजबूत सहयोगी पर हमला नहीं करते।

