सीहोर; बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसमी में वन विकास निगम की कार्रवाई के विरोध में आदिवासियों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है. मकान तोड़े जाने और खेतों को नुकसान पहुंचाने से नाराज सैकड़ों आदिवासियों ने न्याय की मांग को लेकर भोपाल तक पैदल पदयात्रा शुरू कर दी है.पदयात्रा में शामिल आदिवासी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते मार्ग पर जनसैलाब नजर आया. पदयात्रा के साथ डीजे वाहन भी चल रहा है, पदयात्रा के साथ भारी पुलिस बल भी तैनात है.
आदिवासी परिवारों का आरोप है कि वन विकास निगम की कार्रवाई में उनके मकानों को तोड़ा गया और खेतों को नुकसान पहुंचाया गया. आदिवासियों ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री के सामने अपना पक्ष रखने और कार्रवाई से हुए नुकसान की जानकारी देने का निर्णय लिया है. गुरुवार की सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई पदयात्रा देर शाम इछावर नगर से निकली. बताया जाता है कि पदयात्री समीपस्थ ग्राम कोनाझीर में रात्रि विश्राम कर शुक्रवार की सुबह भोपाल प्रस्थान करेंगे
