जबलपुर: शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल रसल चौक की सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। वहीं सड़क पर फैली गिट्टी दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन का कारण बन रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं और पास में प्रमुख अस्पताल होने के कारण मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस व अन्य वाहनों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानलेवा बनते जा रहे है गड्ढे
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्मार्ट सिटी की पहचान रखने वाले जबलपुर की प्रमुख सड़कों की यह स्थिति प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े करती है। लोगों का आरोप है कि समय पर मरम्मत नहीं होने से छोटे गड्ढे अब जानलेवा बन चुके हैं और बारिश के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से रसल चौक की सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा सड़क पर फैली गिट्टी हटाने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
