20 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन

नरसिंहपुर। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। जिलेभर से हजारों किसान कृषि उपज मंडी में एकत्र हुए और सरकार से 20 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। किसान नेताओं ने कृषि उपज मंडी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के सामने रखा। सभा के बाद करीब 500 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ किसान ट्रैक्टर रैली के रूप में मंडी से रवाना हुए। किसानों की रैली मंडी से निकलकर सुभाष पार्क चौराहे पहुंची, जहां जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद रैली का समापन गांधी चौराहे पर हुआ। आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष विमलेश पटेल, जिला सचिव लोकेश पटेल, किसान नेता देवेंद्र पाठक, कनछेदी पटेल, प्रदीप गुमास्ता, प्रताप पटेल और रामजी पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से गन्ना नीति लागू करने, सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, खाद की पर्याप्त उपलब्धता, 12 घंटे बिजली, फसल नुकसान का मुआवजा तथा शुगर मिलों के बकाया भुगतान सहित 20 सूत्रीय मांगों को प्रशासन के माध्यम से शासन तक पहुंचाया। इस आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी रही। ट्रैक्टर रैली और ज्ञापन सौंपने के माध्यम से किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

Next Post

दमोह: पदोन्नत पुलिस कर्मियों का अलंकरण समारोह, एसपी आनंद कलादगि ने लाल फीती लगाकर दी शुभकामनाएं

Wed Jul 15 , 2026
दमोह, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, भापुसे के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में पदोन्नत पुलिस कर्मियों का गरिमामय अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत हुए पुलिस कर्मियों को नवीन पद हेतु लाल फीती लगाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर […]

You May Like

Play sound