परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) में जिला सीधी प्रदेश में प्रथम

सीधी:शिक्षा के क्षेत्र में सतत सुधार, प्रभावी शैक्षणिक प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था के बल पर जिला सीधी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए भारत सरकार एवं राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।

परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स के अंतर्गत जिलों का मूल्यांकन सीखने के परिणाम, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा की समता एवं सुलभता, प्रशासनिक दक्षता, डिजिटल शिक्षा, शिक्षकों की उपस्थिति, नियमित मॉनिटरिंग तथा शैक्षणिक गुणवत्ता सहित अनेक महत्वपूर्ण मानकों पर किया जाता है। इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सीधी जिले ने प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिले में विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार, विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन, डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग, पुस्तकालय एवं खेल सुविधाओं का विस्तार, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति तथा प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए किए गए समन्वित प्रयास इस उपलब्धि के प्रमुख आधार रहे हैं। साथ ही शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, सतत शैक्षणिक मॉनिटरिंग और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षा विभाग की पूरी टीम, शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर बनाने के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, अतिरिक्त परियोजना समन्वयक, विकासखंड स्तरीय शिक्षा अधिकारियों, बीएसी, सीएसी, विद्यालय प्राचार्यों, शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि सीधी जिला आगामी वर्षों में भी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का नया इतिहास रचेगा।

Next Post

युवा शक्ति ही विकसित भारत और समृद्ध मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ताकत: सीएम डॉ यादव

Wed Jul 15 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि युवाओं की प्रतिभा, कौशल, नवाचार और उद्यमिता ही विकसित भारत और समृद्ध मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री ने […]

You May Like