नीमच: शहर के कैंट थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात एक कपड़े के शोरूम ‘फैशन क्यूनिक्स’ में बड़ी चोरी की वारदात हुई। चोर निर्माणाधीन बिल्डिंग के सहारे शोरूम में घुसे और करीब डेढ़ लाख नकद और चांदी के सिक्के चुरा ले गए।
शोरूम में घुसने के बाद चोर आराम से वहां रखे बिस्कुट खाता दिखाई दिया। इसके बाद उसने शोरूम में टंगी एक नई शर्ट भी पहनी और चोरी के माल के साथ उसी रास्ते से फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
चोर ने शोरूम की चार मंजिला दीवार में करीब 2&2 फीट का छेद किया था।
चार मंजिला दीवार में किया छेद
शोरूम के मालिक शिव माहेश्वरी ने बताया कि सोमवार सुबह जब दुकान खोली गई, तो काउंटर का गल्ला खुला मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर ने पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते ऊपर आकर शोरूम की चार मंजिला दीवार में करीब 2&2 फीट का छेद किया था। इसी रास्ते से वह दुकान के अंदर दाखिल हुआ था।
गल्ले से बड़े नोट और सिक्के गायब
चोर ने काउंटर के गल्ले में रखी 10-10 रुपए के नोटों की गड्डियों को हाथ भी नहीं लगाया। उसने 500 और 200 रुपए के बड़े नोटों सहित लगभग 1.5 लाख रुपए की नकदी और पूजा के चांदी के सिक्के चुरा लिए।
नई शर्ट पहनी और बिस्कुट खाए
दुकान के सीसीटीवी फुटेज में सुबह करीब 4:30 बजे चोर का एक अजीब कारनामा सामने आया है। शोरूम में घुसने के बाद चोर आराम से वहां रखे बिस्कुट खाता दिखाई दिया। इसके बाद उसने शोरूम में टंगी एक नई शर्ट भी पहनी और चोरी के माल के साथ उसी रास्ते से फरार हो गया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
चोरी की सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान और कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा
