
छिंदवाड़ा।शहर की सत्यम शिवम कॉलोनी में रविवार तड़के एक 28 वर्षीय विवाहिता की फांसी के फंदे पर लटकने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका आलिया, पत्नी फैजान खान, शनिवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सोने चली गई थी। देर रात करीब 2:30 बजे उसका पति फैजान खान उठा तो आलिया बिस्तर पर नहीं मिली। उसने घर में तलाश की, लेकिन जब बैठक कक्ष में पहुंचा तो पत्नी को फांसी के फंदे पर लटका देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आलिया को फंदे से नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि आलिया की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर संदेह व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि आलिया लंबे समय से बीमार रहती थी और इसी कारण मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
