बड़ा हादसा टला, गड्ढे में उतरी बस, 40 यात्रियों की बची जान

उमरिया। जिले के नौरोजाबाद, देवगांव मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। शहडोल जा रही गहरवार ट्रेवल्स की यात्री बस अचानक सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में उतर गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को भी चोट नहीं आई।

बस चालक फैज ने बताया कि देवगांव डायवर्सन से गुजरते समय सामने से अचानक एक कार आ गई। आमने-सामने की टक्कर से बचने के लिए उन्होंने बस को सड़क के किनारे मोड़ा, लेकिन डायवर्सन मार्ग पर बने गहरे गड्ढे में बस का पहिया उतर गया। इससे बस असंतुलित होकर वहीं फंस गई।

कुछ देर मची अफरा-तफरी

बस के अचानक गड्ढे में उतरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबरा गए और बस से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। हालांकि चालक और अन्य लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है

डायवर्सन की बदहाल स्थिति पर उठे सवाल

यात्रियों ने बताया कि देवगांव रेलवे क्रॉसिंग का डायवर्सन मार्ग लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क के बीच और किनारों पर बने गहरे गड्ढे लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से डायवर्सन मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Next Post

पर्यावरण और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाएं : डॉ मोहन यादव 

Sun Jul 12 , 2026
इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के दूसरे चरण के तहत रविवार को इंदौर में 21 लाख पौधारोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण के महाअभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीएसएफ परिसर स्थित ग्राम […]

You May Like