इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र के अशोक नगर में पैसों के लेनदेन के विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर उस पर पालतू कुत्ता छोड़ने का मामला सामने आया है. पीड़ित विपिन पिता विनोद भावसार, निवासी उमंग पार्क कॉलोनी की शिकायत पर पुलिस ने संतोष शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.विपिन का आरोपी संतोष शर्मा से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था.
इसी बात को लेकर दोनों का आमना सामना हुआ तो आरोपी ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान संतोष ने अपने पालतू कुत्ते को इशारा कर विपिन पर हमला करवा दिया. कुत्ते के काटने से विपिन घायल हो गया. किसी तरह वह मौके से भागकर अपनी जान बचा सका. जाते समय आरोपी ने उसे दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी. एरोड्रम थाना प्रभारी वेदेन्द्र सिंह कुशवाह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
