सिवनी में खेत के सूने मकान में जले मिले शिक्षक दंपती के शव, हत्या या आत्महत्या पर संशय; डीएनए जांच से होगी पहचान

सिवनी: जिले के उगली थाना क्षेत्र के मोहबर्रा गांव में खेत के बीच बने एक सूने मकान से शिक्षक दंपती के जले हुए शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर शव शिक्षक समन धुर्वे (52) और उनकी पत्नी शिक्षिका मालती धुर्वे (50) के होने की आशंका है, लेकिन शव पूरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान की पुष्टि डीएनए जांच से की जाएगी। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षिका मालती धुर्वे लगातार दो दिनों तक स्कूल नहीं पहुंचीं और उनकी ओर से कोई सूचना भी नहीं दी गई। इस पर स्कूल प्रबंधन ने उनकी बहन कृष्णा बाई से संपर्क किया। बहन जब खेत में बने सुनसान मकान पर पहुंचीं तो अंदर दोनों के जले हुए शव पड़े मिले। उन्होंने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। घर के फर्श पर घसीटने जैसे निशान भी मिले हैं, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस का अनुमान है कि घटना एक से दो दिन पुरानी हो सकती है।सिवनी पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि मकान आबादी से दूर खेत में स्थित होने के कारण किसी को घटना की भनक नहीं लगी। शव पूरी तरह जल चुके हैं, इसलिए जबलपुर से पहुंची फॉरेंसिक टीम डीएनए सैंपल लेकर पहचान की पुष्टि में जुटी है। घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। जांच रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Next Post

भोपाल स्टेशन पर मिली मासूम का रहस्य गहराया! CCTV में कैद हुए महिला और युवक, तलाश तेज

Sat Jul 11 , 2026
भोपाल: रेलवे स्टेशन पर लावारिस मिली एक माह की मासूम बच्ची के मामले में जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। जीआरपी को स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक महिला और एक युवक बच्ची के साथ दिखाई दिए हैं। इन्हीं फुटेज के आधार पर […]

You May Like