भोपाल स्टेशन पर मिली मासूम का रहस्य गहराया! CCTV में कैद हुए महिला और युवक, तलाश तेज

भोपाल: रेलवे स्टेशन पर लावारिस मिली एक माह की मासूम बच्ची के मामले में जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। जीआरपी को स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक महिला और एक युवक बच्ची के साथ दिखाई दिए हैं। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों की पहचान करने और बच्ची से उनके संबंधों का पता लगाने में जुटी है।
जांच में सामने आया है कि पहले महिला अपनी गोद में बच्ची को लेकर स्टेशन परिसर में घूमती नजर आती है। इसके बाद एक अन्य फुटेज में एक युवक भी बच्ची के साथ दिखाई देता है। कुछ देर बाद यही मासूम प्लेटफॉर्म नंबर-6 स्थित ऑटो स्टैंड पर खड़े एक ऑटो में लावारिस हालत में मिली। इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है।
जीआरपी स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, ऑटो स्टैंड तथा आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला और युवक स्टेशन पर कब पहुंचे, किस रास्ते से आए और बच्ची को छोड़ने के बाद कहां चले गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों बच्ची के माता-पिता हैं या नहीं, इसलिए पुलिस उन्हें संदिग्ध मानकर तलाश कर रही है।
वहीं, मासूम बच्ची सुरक्षित है और उसकी देखभाल महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और उम्मीद जताई है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही इस रहस्यमयी मामले का खुलासा हो सकता है।

Next Post

एग्री-एलाइड डिमांड के आधार पर तैयार होगी योजना; 5 जिलों में बढा उद्यानिकी फसलों का रकबा

Sat Jul 11 , 2026
भोपाल: संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्ष में अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करूंगा. उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आ रहा है कि योजनाओं का लाभ […]

You May Like