साइबर ठगों पर डिजिटल स्ट्राइकः 15 मोबाइल नंबर और 13 हैंडसेट ब्लैकलिस्ट

इंदौर: साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल हो रहे मोबाइल नेटवर्क पर इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ा प्रहार किया है. छह माह की जांच के बाद पुलिस ने 15 संदिग्ध मोबाइल नंबर ब्लॉक कराए हैं, जबकि 13 मोबाइल हैंडसेट (आईएमईआई) ब्लैकलिस्ट किए हैं. जांच में सामने आया कि साइबर अपराधी पहचान छिपाने के लिए एक ही मोबाइल में अलग-अलग सिम और अलग अलग मोबाइल में एक ही नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे थे.

क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने जनवरी से जून 2026 के बीच दर्ज ऑनलाइन ठगी की शिकायतों की पड़ताल की. जांच में ऐसे 15 मोबाइल नंबर मिले, जिनका उपयोग दो या उससे अधिक साइबर अपराधों में किया था. वहीं 13 ऐसे मोबाइल हैंडसेट भी चिन्हित हुए, जिनमें अलग अलग सिम लगाकर लगातार लोगों को निशाना बनाया जा रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि कार्रवाई से बचने के लिए साइबर ठग बार-बार सिम और मोबाइल बदल रहे हैं. इसी आधार पर संबंधित नंबरों और हैंडसेट को ब्लॉक एवं ब्लैकलिस्ट कराने की कार्रवाई की गई, ताकि भविष्य में उनका उपयोग दोबारा साइबर अपराधों में न हो सके.

जांच के दौरान साइबर ठगों के कई नए तरीके भी आए सामने
पड़ताल के दौरान साइबर ठगों के कई नए तरीके भी सामने आए. आरोपी पार्ट टाइम जॉब और टास्क के नाम पर निवेश कराते हैं, शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का लालच देते हैं, फर्जी निवेश एप डाउनलोड करवाकर टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम वसूलते हैं. इसके अलावा बैंक या क्रेडिट कार्ड अधिकारी बनकर केवाईसी अपडेट कराने के बहाने ओटीपी और बैंकिंग जानकारी हासिल करते हैं. होटल बुकिंग, सोशल मीडिया पर फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग, ट्रांसपोर्ट बुकिंग और इंस्टाग्राम व्हाट्सएप पर निवेश योजनाओं का झांसा देकर भी लोगों से ठगी की जा रही है. क्राइम ब्रांच इससे पहले भी नौ संदिग्ध मोबाइल नंबर ब्लॉक करा चुकी है.

यह बोले अधिकारी…
क्राईम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबर, हैंडसेट व अन्य डिजिटल संसाधनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर पीड़ित तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. समय पर सूचना मिलने पर ठगी गई राशि होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है. साथ ही अनजान लिंक, निवेश योजनाओं और सोशल मीडिया पर मिलने वाले आकर्षक ऑफर से सतर्क रहें

Next Post

इंदौर स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में कारोबारी की मौत

Sat Jul 11 , 2026
इंदौर: रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई. ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक ग्वालियर का रहने वाला था और व्यापारिक कार्य से […]

You May Like