जबलपुर: गोराबजार थाना अंतर्गत तिलहरी स्थित डीमार्ट के पास दबंगों ने एक मकान पर जबरन कब्जा कर युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और उसके परिवार को बेघर कर दिया।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मूलतः ग्राम आलुध थाना मुगवानी, जिला नरसिंहपुर के रहने वाले अमित गौड़ (35) ने बताया कि ठेकेदार मनीष कुमार रिछारिया ने करीब दो महीने पहले उसे तिलहरी निवासी रवि डींगरा के मकान की देखरेख का काम दिलाया था। इसके बाद से अमित अपनी पत्नी हंसवती और बच्चों के साथ उसी मकान में रहकर उसकी देखभाल कर रहा था।
रात करीब 9 बजे जब पूरा परिवार घर में था, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति मकान की बाउंड्रीवॉल कूदकर अचानक अहाते के अंदर घुस आए। अमित ने जब उनसे अंदर आने की वजह पूछी, तो वे विवाद करने लगे और चिल्लाकर बोले कि यह मकान उनका है। जब अमित ने प्रतिवाद करते हुए कहा कि यह मकान रवि डींगरा का है, तो तीनों आरोपी आपा खो बैठे।
आरोपियों ने अमित को हाथ-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए अमित जब वहां से भागने लगा, तो हमलावरों ने उसे दबोच लिया और जबरन वहीं बैठाकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने पूरे परिवार को बंधक बनाए रखा और किसी को बाहर नहीं निकलने दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और उसकी पत्नी व बच्चों को घसीटते हुए घर से बाहर निकाल दिया। दबंगों ने उनका सारा घरेलू सामान भी सड़क पर फेंक दिया।
रात को किसी तरह काटने के बाद पीड़ित अमित ने घटना की जानकारी मकान मालिक रवि डींगरा और ठेकेदार मनीष कुमार को दी। दोनों तत्काल मौके पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। मकान पर आरोपियों ने अपना ताला जड़ दिया था। मकान मालिक रवि डींगरा ने मौके की स्थिति देखकर तीनों आरोपियों की पहचान वेपुरी आईजक, वेपुरी फिलिप और वेपुरी आशीष के रूप में की।पुलिस ने आरोपी वेपुरी आईजक, वेपुरी फिलिप और वेपुरी आशीष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
