
इंदौर:कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश चौधरी ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की भूमिका रही है। चौधरी ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट धार्मिक संस्था के बजाय राजनीतिक ट्रस्ट के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि धार्मिक ट्रस्ट में राजनीतिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि के लोगों, विशेषकर आरएसएस से जुड़े व्यक्तियों की नियुक्तियां किस आधार पर की गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर से करीब 8 किलोमीटर दूर बाजार मूल्य से लगभग 10 गुना अधिक कीमत पर जमीन खरीदकर जनता के धन का दुरुपयोग किया गया। उनका कहना था कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट की भावना के अनुरूप धार्मिक ट्रस्ट का गठन नहीं किया।
हरीश चौधरी ने दावा किया कि चढ़ावे में करोड़ों रुपये की चोरी हुई है और कांग्रेस इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग सुप्रीम कोर्ट से करेगी।
उज्जैन से अयोध्या तक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित यात्रा पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत और गैर-राजनीतिक यात्रा है। किसी भी नेता को व्यक्तिगत यात्रा करने की स्वतंत्रता है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और उनके परिवारों के खिलाफ राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई की जा रही है। चौधरी ने कहा कि जीतू पटवारी के परिवार और उनके वेयरहाउस व जमीन से जुड़े मामलों में भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है।
