इछावर। ग्राम भाऊखेड़ी में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा गिट्टी मशीन के समीप सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में आग लगा दी और फरार हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात भाऊखेड़ी मार्ग पर गिट्टी मशीन के ठीक पास हुई, जहां एक मोटरसाइकिल खड़ी हुई थी. इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने बाइक को आग के हवाले कर दिया. पेट्रोल टैंक में आग पकड़ते ही बाइक धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी तरह खाक हो गई. राहगीरों ने जब दूर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, तब जाकर मामले की भनक लगी. लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचते, तब तक आरोपी वहां से भागने में कामयाब हो चुके थे.
सड़क किनारे दिनदहाड़े हुई इस तरह की आगजनी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले को संज्ञान में लेकर जांच में जुट गया है. पुलिस द्वारा वाहन नंबर के आधार पर बाइक के मालिक का पता लगाया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बाइक किसकी है. इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा सके.
