सरकारी निरीक्षण में बंदूक चमकाने वाले इंजीनियर सस्पेंड, वसूली और कमीशनखोरी की जांच शुरू

सतना : जिले की जनपद पंचायत मझगवां में पदस्थ सब-इंजीनियर (उपयंत्री) सतीश समेले को अनुशासनहीनता, वित्तीय गड़बड़ियों और सरकारी काम के दौरान बंदूक लेकर घूमने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है.जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) शैलेंद्र सिंह ने चार पन्नों का निलंबन आदेश जारी करते हुए मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं और एक महीने के भीतर इसकी रिपोर्ट मांगी है.

यह पूरा मामला तब गरमाया जब सब-इंजीनियर सतीश समेले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसमें वे सरकारी निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के दौरान हाथ में बंदूक लिए नजर आ रहे थे. शिकायत मिलने पर जब प्रशासन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया, तो उन्होंने साइट पर बंदूक ले जाने की बात तो कबूली लेकिन उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं माना गया।
बंदूक चमकाने के अलावा इंजीनियर पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के कई गंभीर आरोप लगे हैं. उन पर ग्राम पंचायत कैलाशपुर के लिए स्वीकृत शांतिधाम का निर्माण नियमों के खिलाफ दूसरे गांव में कराने और इसके बदले फोन-पे के जरिए ₹25,000 की रिश्वत लेने का आरोप है. इसके अलावा उन्होंने खेत तालाब सामग्री के भुगतान के नाम पर ₹15,000 ऐंठे, पंचायत के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की, और तिघरा में रोजगार सहायक के जरिए ऑनलाइन अवैध भुगतान लिया। साथ ही, नागौद जनपद की ग्राम पंचायत डाम्हा से जुड़े निर्माण कार्यों की फाइलें और मेजरमेंट बुक भी वे सालों से दबाकर बैठे थे.

जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, उपयंत्री पर वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, लापरवाही और आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान समेले का मुख्यालय ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सतना तय किया गया है और उन्हें मौजूदा सभी प्रोजेक्ट्स से तुरंत हटा दिया गया है. इस पूरे मामले की कमान अब जांच टीम के पास है, जिसमें जनपद पंचायत उचेहरा के सीईओ को जांच अधिकारी और मझगवां के सीईओ को प्रस्तुति कर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है

Next Post

जाम और हादसों से जूझ रहा बुधनी: ओवरब्रिज से नर्मदा पुल तक राहगीर परेशान, नो एंट्री की उठी मांग

Fri Jul 10 , 2026
बुधनी। रेलवे ओवरब्रिज से नर्मदा पुल तक का मुख्य मार्ग इन दिनों वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी जमा होने से मार्ग संकरा हो गया है, वहीं मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन जाम […]

You May Like