पति पर गला घोंटकर हत्या के प्रयास का आरोप, बेटी ने बीच-बचाव कर मां की जान बचाने का दावा किया

छतरपुर। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति नाथूराम कुशवाहा पर रस्सी से गला घोंटकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता गले पर चोट के निशान और अपने तीनों बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची तथा सख्त कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता ने बताया कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। इस बार उसने रस्सी से गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन शोर सुनकर पहुंची बेटी ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचा ली। महिला का आरोप है कि पति के साथ-साथ सास और ससुर भी उसे प्रताड़ित करते हैं और घर से निकालना चाहते हैं।

पीड़िता की बेटी चंद कुशवाहा ने बताया कि उसकी मां मातगुवां में फल और सब्जी की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। घटना वाले दिन दुकान से घर लौटते ही पिता ने मां पर हमला कर दिया। फिलहाल महिला अपने बच्चों के साथ छतरपुर स्थित मायके में रह रही है और ससुराल लौटने से इनकार कर रही है।

महिला का आरोप है कि मातगुवां थाने में पहले उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद वह एसपी कार्यालय पहुंची। हालांकि, पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

जरारूधाम में 17 जुलाई को लगेंगे 2100 पौधे, मंत्री प्रहलाद पटेल ने परिवार के साथ किया निरीक्षण

Thu Jul 9 , 2026
दमोह। जिले के मगरोन गौ-अभ्यारण, जरारूधाम में 17 जुलाई को एक साथ 2100 पौधों का रोपण किया जाएगा। यह जानकारी मप्र के पंचायत व ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने गुरुवार को जरारूधाम पहुंचकर दी। मंत्री अपने पूरे परिवार के साथ तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। मंत्री ने […]

You May Like

Play sound