समाधि खोदकर निकाली लाश, भाई ने लगाया हत्या का आरोप

उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर के समीप नदी किनारे पुलिस ने समाधि खोदकर एक साधु की लाश बाहर निकाली है। जिसे 9 दिन पहले बाबाओं ने दफना दिया था। साधु का शव मिलने के बाद भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सच सामने आ जाएगा।

जावरा के रहने वाले अनिल जोशी ने चिमनगंज थाना पुलिस को सूचना दी थी कि उसका भाई गंगेश्वर गिरी उर्फ सुनील जोशी 40 वर्ष साधु था जो 10 जून से लापता है। करीब डेढ़ साल से वह मंगलनाथ मंदिर के पास मलानी बाबा की कुटिया में रह रहा था। 17 जून को वह भाई से मिलने उज्जैन आया था लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलनाथ मंदिर के आसपास पूछताछ शुरू की गई। इस दौरान पता चला कि गंगेश्वर गिरी की 10 जून की रात मौत हो गई थी। जिसे राजेश गुरु और कृष्णा दास ने ककुटया के समीप नदी किनारे समाधि दे दी है। मामला गुमशुदा का होने और जानकारी सामने आने पर भाई द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू करते हुए शुक्रवार शाम समाधि की खुदाई करवाई और शव को बाहर निकाला। जिसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। आज सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है जिसकी रिपोर्ट आते ही मौत का सच सामने आ जाएगा।

 

भास्करानंद से चल रहा था विवाद

 

भाई अनिल जोशी का आरोप था कि भाई की हत्या में नीमच के महाराज भास्करानंद और लंगड़ा गुरु का हाथ हो सकता है। भाई गंगेश्वर गिरी ने भास्करानंद से दीक्षा ली थी और वह पिछले 16 सालों से साधु का जीवन जी रहा था। भास्करानंद से उसका विवाद भी हुआ था। उसने ही नीमच से उज्जैन आकर भाई की हत्या की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने भास्करानंद से संपर्क करने का प्रयास किया। बमुश्किल बात होने पर उसने बताया कि गंगेश्वर गिरी को डेढ़ साल पहले अपने यहां से भगा दिया था। उसका यह भी कहना था कि गंगेश्वर का सामान नीमच में रखा है जिसे आकर ले जा सकते हैं। मामले में चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिय़ा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की विवेचना शुरू की जाएगी। मृतक के भाई द्वारा लगाए गए आरोप सिद्ध होते ही भास्करानंद को भी पूछताछ के लिए उज्जैन लाया जाएगा। फिलहाल मृतक को समाधि देने वाले दो बाबाओं से पूछताछ का प्रयास किया जा रहा है।

Next Post

खेत गए किसान का मिला शव,फैली सनसनी

Sat Jun 20 , 2026
ताल। ग्राम कोठड़ी में खेत पर गए 35 वर्षीय किसान का शुक्रवार सुबह खेत में खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम कोठड़ी निवासी राजेंद्र सिंह दांगी (35) के रूप में हुई है। मृतक रोजाना की तरह […]

You May Like