
आलीराजपुर। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) कार्य के संबंध में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) तैयार करने के लिए राजस्व ग्राम एवं नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों के संकलन, सत्यापन, संचयन तथा डीसीएचबी पोर्टल एवं मोबाइल एप पर डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्र पदाधिकारियों को जनगणना-2027 के कार्यों का प्रभावी, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित करना रहा है।
प्रशिक्षक श्री सिद्धार्थ गोयल ने प्रशिक्षण के दौरान डीसीएचबी के विभिन्न घटकों, आंकड़ों के संकलन एवं संधारण की प्रक्रिया, पोर्टल एवं मोबाइल एप के उपयोग, डेटा की शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण जानकारी अपलोड करने संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। उनके द्वारा अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार श्री सुनील राणा, जिला सांख्यिकी अधिकारी श्रीमती तारिणी जौहरी, जिला प्रभारी (जनगणना) श्री राजकुमार, प्रशिक्षक श्री सिद्धार्थ गोयल सहित संबंधित विभागों के चार्ज अधिकारी एवं क्षेत्र पदाधिकारी उपस्थित रहे।
