नई दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी महारत्न इस्पात उत्पादक कंपनी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. (सेल) ने इंडोनेशिया में स्टेनलेस स्टील स्लैब के उत्पादन के लिए एक संयुक्त उद्यम स्थापित करने की संभावना तलाशने की दिशा में वहां की कंपनी पीटी क्राकाटाउ स्टील (परसेरो) टीबीके के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की है। सेल की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस समझौते की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीन दिन की इंडोनेशिया यात्रा (6-8 जुलाई) के दौरान दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय बैठकों में की गई।
यह प्रस्तावित सहयोग दोनों कंपनियों की पूरक शक्तियों को एक साथ ला सकता है। इंडोनेशिया के पास दुनिया की कुछ सबसे समृद्ध निकिल खाने हैं। इस समझौते से सेल को निकिल मिलने में आसानी हो सकती है। स्टेनलेस स्टील बनाने के लिए निकिल एक आवश्यक कच्चा माल है। यह समझौता ज्ञापन भारत और इंडोनेशिया के बीच बढ़ते औद्योगिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण कदम है। सेल अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने कहा, ” हमारा मानना है कि पीटी क्राकाटाऊ स्टील के साथ यह सहयोग भारत और इंडोनेशिया के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ दोनों कंपनियों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन की क्षमता रखता है।”
सेल का कहना है कि प्रस्तावित संयुक्त उद्यम से इंडोनेशिया के खनिज संसाधनों के मूल्यवर्धन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भारत और आसियान क्षेत्र में स्टेनलेस स्टील की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। यह दोनों देशों के लिए तकनीकी आदान-प्रदान, औद्योगिक सहयोग, कौशल विकास और सतत आर्थिक विकास के नए रास्ते भी खोलता है। प्रस्तावित संयुक्त उद्यम की उत्पादन क्षमता, हिस्सेदारी, समय सारिणी, तकनीकों के संयोजन जैसे विवरण इसकी व्यवहार्यता पर अध्ययन रिपोर्ट तैयार होने और दोनों संगठनों तथा संबंधित सरकारों से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद तय किए जाएंगे।

