रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित 3D इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत के बाद अब मामला राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर गरमा गया है। राज्य सरकार ने मृतक मजदूरों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही फैक्ट्री को तत्काल बंद कर पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी गई है।
200 मीटर दूर तक बिखरे शवों के अंग
फैक्ट्री में हुआ धमाका इतना शक्तिशाली था कि तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर के अंग करीब 200 मीटर दूर तक बिखर गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
मौके पर पहुंचीं जांच एजेंसियां
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), श्रम विभाग और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने फैक्ट्री का निरीक्षण कर सबूत जुटाए और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है।
सरकार ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
राज्य सरकार का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई के साथ औद्योगिक सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
