इंदौर: संयोगितागंज थाना क्षेत्र में शेयर मार्केट में हुए नुकसान की भरपाई का झांसा देकर एक युवक से 28 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। टेलीग्राम चैनल और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संपर्क करने वाले ठगों ने 100 प्रतिशत रिटर्न का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर करा ली। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जावरा कंपाउंड स्थित उर्वशी कॉम्प्लेक्स निवासी रोहित पिता डी.के. शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 29 जून को टेलीग्राम पर ‘पंकज भारद्वाज’ नाम के चैनल पर शेयर मार्केट में हुए नुकसान की भरपाई का विज्ञापन देखा। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए, जहां उनसे निवेश की राशि पूछी गई। रिटर्न की गारंटी मांगने पर ठगों ने 100 प्रतिशत पैसा वापस मिलने का भरोसा दिया।
झांसे में आकर रोहित ने ठगों द्वारा भेजे गए बारकोड पर पहले 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप पर फर्जी संदेश भेजकर दावा किया कि उन्हें 1.77 लाख रुपये का लाभ हुआ है, लेकिन राशि निकालने के लिए जीएसटी के नाम पर 27 हजार रुपये और जमा करने होंगे।इस मांग पर पीड़ित को संदेह हुआ और उसने अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर दिया।
इसके बावजूद ठग लगातार व्हाट्सएप कॉल कर दबाव बनाते रहे। 4 जुलाई को उनके झांसे में आकर पीड़ित ने 3 हजार रुपये और ट्रांसफर कर दिए। कुल 28 हजार रुपये गंवाने के बाद रोहित ने संयोगितागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगों की तलाश में जुटी है।
