
दमोह। शहर और जिले में सुबह से हुई बारिश रात 10 बजे होती रही। इसी हवन पूजन पाठ के उपरांत गणेश जी विसर्जन के लिए बरसते पानी में लोग बब्बा मोरिया करते हुए तालाब पहुंचे और विसर्जित किया। दमोह शहर के राजनगर, फुटेरा तालाब,पुरैना तालाब, बेलाताल, मुकेश नायक कॉलोनी के अलावा और भी तालाबों पर शांतिपूर्ण तरीके से देर रात तक विसर्जन चला रहा। दमोह कलेक्टर और अधीक्षक के निर्देशन में पर्याप्त व्यवस्थाएं की गईथी। यातायात बाधित न हो इसके लिए भी पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई। साथ ही नगर पटेरा में गणेश उत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को तेज बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
गणेश विसर्जन के दौरान नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटेरा थाना प्रभारी रचना मिश्रा पुलिस स्टाफ के साथ लगातार निगरानी करती रहीं। पुलिस द्वारा विसर्जन मार्ग और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
तेज बारिश और पानी के बढ़ते बहाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की समझाइश भी दी। थाना प्रभारी रचना मिश्रा पुलिस टीम के साथ विसर्जन स्थलों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेती रहीं और गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।नगर के विभिन्न स्थानों से गणेश प्रतिमाएं जुलूस के रूप में विसर्जन स्थलों तक पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश को भावपूर्ण विदाई दी। पुलिस की सतर्कता और प्रशासनिक व्यवस्था के चलते पटेरा में गणेश विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
