मप्र पुलिस का सेफ क्लिक 2.0 अभियान: अब तक 2,094 मोबाइल बरामद

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने की मुहिम भी तेज़ी से चल रही है। तकनीक आधारित कार्रवाई के जरिए पुलिस ने 13 जून से अब तक प्रदेशभर में 2,094 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें से 1,461 मोबाइल अभियान शुरू होने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।

24 जून 2026 से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत पुलिस स्कूलों, कॉलेजों, बैंकों, अस्पतालों, शासकीय कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों में पहुंचकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक कर रही है। लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने, ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता बरतने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी जा रही है।

मोबाइल बरामदगी के लिए पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल, तकनीकी विश्लेषण और जिला साइबर टीमों की समन्वित कार्रवाई का सहारा लिया। सर्वाधिक 325 मोबाइल भिंड जिले में बरामद हुए, जबकि देवास (210), शाजापुर (179), नरसिंहपुर (175), छतरपुर (149) और रायसेन (149) भी प्रमुख जिलों में शामिल रहे।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहें।

 

Next Post

भेल भोपाल: युवा अधिकारियों में नेतृत्व और प्रबंधकीय कौशल निखारने के लिए YMP शुरू

Wed Jul 8 , 2026
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में मंगलवार को पांच दिवसीय 25वें यंग मैनेजर्स प्रोग्राम (वाईएमपी) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा अधिकारियों में नेतृत्व क्षमता, प्रबंधकीय दक्षता तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए आवश्यक कौशल का विकास करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) […]

You May Like