परिवार के पांचों सदस्यों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार 

सतना:मैहर जिले के नादन क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 30 पर ग्राम रिगरा के निकट सोमवार-मंगलवार की रात हुए भीषण सडक़ हादसे में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई. जबकि गंभीर तौर पर घायल परिवार के छठवें सदस्य का उपचार जबलपुर में जारी है. मंगलवार को जब सभी मृतकों की अर्थियां एक साथ उठीं तो परिजनों के करुण क्रंदन के साथ-साथ क्षेत्र के सभी लोगों की आंखें भर आईं.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर के पूर्व विधायक स्व. लालजी पटेल के परिवार के आधसा दर्जन सदस्य सोमवार की देर शाम जनपद उपाध्यक्ष अमरपाटन मनोज पटेल के जन्म दिवस पर आयोजित समारोह में सम्म्लिित होने के लिए गए थे.

जहां से सभी 6 लोग एक्सयूवी वाहन क्र. एमपी 13 एल 1887 में सवार होकर वापस लौटने लगे. बताया गया कि देर रात जैसे ही उनका वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 30 पर ग्राम रिगरा के निकट पहुंचा वैसे ही आगे-आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि न सिर्फ आस पास के क्षेत्र तक धड़ाम की आवाज सुनाई दी बल्कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय रहवासियों की सूचना पर डायल 112, हाईवे पेट्रोलिंग, 108 एंबुलेंस और एनएच एंबुलेंस 1033 और देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया.

आनन-फानन में कार सवार सभी लोगों को अमरपाटन स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां पर जांच करने पर ड्यूटी डाक्टर द्वारा अंकुर पटेल 39, मृदुल पटेल 32, विजय पटेल 32, हरिशंकर पटेल 28 सभी निवासी ग्राम तनाजा और संजीव पटेल 23 निवासी नरोरा का मृत घोषित कर दिया गया. जबकि गंभीर तौर पर घायल ओम पटेल की हालत को देखते हुए जबलपुर के लिए रेफर कर दिया गया. जहां पर उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की गंभीरता के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया.

गांव में नहीं जला चूल्हा
सडक़ हादसे में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो जाने के बाद मंगलवार को जब सभी मृतकों की अर्थियां एक साथ उठीं तो एक ओर जहां परिजनों के बीच कोहराम मच गया. वहीं दूसरी ओर वहां पर मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखे नम हो गईं. श्मशान में एक साथ सजी पांचों चिताओं के अंतिम संस्कार के दौरान वहां मौजूद हजारों लोग गमगीन हो गए. इस घटना से व्यथित गांव में मंगलवार को चूल्हा तक नहीं जला. परिजनों के अनुसार मृतकों में अंकुर खेती के साथ व्यवसाय करते थे. जबकि मृदुल वेयर हाउस का संचालन देखते थे. इसी कड़ी में विजय पटेल जबलपुर में नौकरी करते थे. इसके अलावा हरिशंकर जहां खेती तो संजीव नौकरी करते थे.
जुटाए जा रहे साक्ष्य
प्रारंभिक तौर पर भीषण दुर्घटना का कारण एक्सयूवी वाहन का तेज रफ्तार होना बताया जा रहा है. थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर ट्रक चालक चितरंजन दास के अनुसार उस दौरान वे 40-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चला रहे थे. तभी पीछे से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. जिसके चलते जहां ट्रक के पिछले दोनों टायर खराब हो गए और वह पलटने से बचे. कार के अगले और ट्रक के पिछले हिस्से की हालत को देखते हुए रफ्तार का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है

Next Post

बाघ के शिकार के 5 आरोपी गिरफ्तार

Wed Jul 8 , 2026
सतना : जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत बाघ के शिकार का मामला उजागर होने के 5 दिन बाद घटना में शामिल रहे 5 आरोपियों की गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया.वन परिक्षेत्र मझगवां के अंतर्गत कररिया बीट के चौराहा हार में बाघ के शिकार के मामले में […]

You May Like