
उत्तर प्रदेश। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रस्ट प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। बैठक शुरू होने से पहले ट्रस्ट अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता या चोरी बेहद गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि जिसने भी यह महापाप किया है, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। ट्रस्ट का कहना है कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है और चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
