सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज में कथित लापरवाही, सर्विस रोड का निर्माण न होने और लगातार हो रही जन असुविधा के विरोध में रविवार को क्षेत्रवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया. हाउसिंग बोर्ड और चाणक्यपुरी कॉलोनी के रहवासियों ने ओवरब्रिज के सामने चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों की सद्बुद्धि के लिए बीच सड़क पर यज्ञ-हवन भी किया गया. मौके पर पहुंचे विधायक ने निर्माण एजेंसी को फटकार लगाते हुए सर्विस रोड बनने तक ब्रिज निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए.
रविवार दोपहर हाउसिंग बोर्ड एवं चाणक्यपुरी कॉलोनी के रहवासी निर्माणाधीन ओवरब्रिज स्थल पर एकत्र हुए. लोगों ने ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम किया. विरोध प्रदर्शन को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही यज्ञ-हवन कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि की कामना की. रहवासियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से सर्विस रोड निर्माण की मांग कर रहे हैं. इस संबंध में कई बार अधिकारियों को लिखित आवेदन दिए गए तथा जनप्रतिनिधियों से भी समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले. लोगों का आरोप है कि उनकी जायज मांगों की लगातार अनदेखी की गई, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा.
प्रदर्शनकारियों के अनुसार अधूरे निर्माण कार्य और सर्विस रोड के अभाव में क्षेत्र का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन जाती है, जबकि सूखे दिनों में धूल के गुबार से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि रोजाना स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा हर समय सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
गौरतलब है कि निर्माण एजेंसी व अधिकारियों द्वारा पूर्व में 30 जून तक ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू कराने का दावा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका. निर्माण कार्य अब भी धीमी गति से जारी है, जिससे लोगों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है. प्रदर्शन के अंत में रहवासियों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सर्विस रोड का निर्माण पूर्ण कर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी ब्रिज कॉर्पोरेशन और स्थानीय प्रशासन की होगी.
सर्विस रोड बनाओ फिर करना ब्रिज का निर्माण कार्य
आंदोलन की सूचना मिलने पर विधायक सुदेश राय भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि जब तक सर्विस रोड का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक ब्रिज के निर्माण कार्य को आगे न बढ़ाया जाए. विधायक ने अधिकारियों से आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा.
