इंदौर: शहर के व्यस्त पंढरीनाथ मंदिर चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाई जा रही नई एप्रोच रोड का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग के शुरू होने से पंढरीनाथ और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा तथा वाहन चालकों को अधिक सुगम और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा.
नई एप्रोच रोड पंढरीनाथ मंदिर के सामने से सीधे पागनीसपागा पुल के समीप जाकर जुड़ेगी. इसके चालू होने से बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग का उपयोग कर सकेंगे, जिससे ट्रैफिक का बेहतर वितरण होगा और मुख्य मार्गों पर दबाव कम पड़ेगा. विशेष रूप से गौतमपुरा की संकरी एकांकी (वन-वे) गली में रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. वर्तमान में इस क्षेत्र में वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण अक्सर यातायात बाधित रहता है, लेकिन नई सड़क बनने के बाद ट्रैफिक का एक हिस्सा नए मार्ग से गुजर सकेगा.
तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
अपर आयुक्त अभय राजनगावकर के अनुसार एप्रोच रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द ही पूरा कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा. इसके शुरू होने से न केवल पंढरीनाथ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि आसपास के इलाकों में भी आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगा.
