खेत के कुएं में मिला भालू का टुकड़ों में कटा शव, क्षेत्र में सनसनी

बालाघाट, वन परिक्षेत्र खैरलांजी अंतर्गत भंडारबोड़ी सर्किल के ग्राम पिपरटोला में एक वयस्क नर भालू का क्षत-विक्षत शव खेत के कुएं से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने भालू के शिकार की आशंका जताई है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, किसान जियालाल धुर्वे शनिवार सुबह अपने खेत पहुंचे। खेत में बने कुएं में किसी मृत जीव के दिखाई देने पर उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी डी.सी. वासनिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि कुएं में पड़े अवशेष एक वयस्क नर भालू के हैं, जिसके शरीर के कई टुकड़े कर कुएं में फेंक दिए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओ, डीएफओ एवं सीसीएफ को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। वन विभाग द्वारा शव बाहर निकालने पर पाया गया कि भालू का सिर धड़ से अलग था, चारों पैर काट दिए गए थे तथा आगे के दोनों पैरों के नाखून भी गायब थे। शव लगभग छह से सात टुकड़ों में मिला, जिससे शिकार के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पशु चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और वन्यजीव के शव का अंतिम संस्कार किया गया। वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Next Post

2500 करोड़ की डिफेंस फैक्ट्री में बनेंगी मिसाइलें और अन्य हथियार

Sun Jul 5 , 2026
शिवपुरी। आज यहां भव्य समारोह में 2500 करोड़ रुपए की लागत वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया गया। फैक्ट्री में गोला-बारूद, हाईटेक हथियार, मिशन-रेडी मिसाइलें और हाईटेक डिफेंस प्रोडक्ट्स बनाए जाएंगे। मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में करीब 10 हजार लोगों को नौकरियां मिलेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव […]

You May Like