शादी के बाद दो लिव इन पार्टनर, फिर हत्या

ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र के आरा मिल में रहने वाली 30 साल की आरती की तीन दिन पहले गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान मामले में कई खुलासे किए हैं। पति के बाद महिला के दो लिव इन पार्टनर थे, फिर महिला का मर्डर हो गया। एक बॉयफ्रेंड गिरफ्तार किया गया है जबकि दूसरा फरार बताया गया है।

महिला ने 11 साल पहले सात फेरे लेकर नई जिंदगी शुरू की थी। दो बच्चों की मां बनी, लेकिन वक्त के साथ रिश्ते बदलते चले गए। पति से अलग होकर उसी के दोस्त से शादी कर ली। वहां भी रिश्ता नहीं टिक पाया तो दूसरे पति के रिश्तेदार के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। तीन रिश्तों में उलझे इस सफर का अंत आखिरकार एक बंद कमरे में गला दबाकर हुई हत्या के साथ हुआ।

कैलारस के गांव गूढ़ बहरारा के रहने वाले दर्शनलाल धाकड़ ने बताया कि बेटी आरती की शादी 21 अप्रैल 2015 को शिवपुरी के गांव बिचपुरी निवासी अतर सिंह के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। परिवार सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन इसी दौरान अतर सिंह की दोस्ती धर्मेंद्र से हुई। घर आना-जाना बढ़ा तो धर्मेंद्र और आरती के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इसी बात को लेकर अतर सिंह और धर्मेंद्र के बीच विवाद हुआ। मारपीट भी हो गई। करीब तीन साल पहले आरती ने अतर सिंह का साथ छोड़कर धर्मेंद्र के साथ रहना शुरू कर दिया। उसने अपने दस्तावेजों में भी पति के स्थान पर धर्मेंद्र का नाम दर्ज करा लिया।

कुछ समय बाद आरती और धर्मेंद्र के संबंधों में भी तनाव बढ़ने लगा। इसी दौरान धर्मेंद्र के फुफेरे भाई संजू से उसकी पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। करीब दो महीने पहले आरती अपने दोनों बच्चों के साथ संजू के पास आरा मिल क्षेत्र में किराए के मकान में रहने लगी।

आरती और संजू दोनों ई-रिक्शा चलाकर अपना और बच्चों का खर्च चलाते थे। परिजन के अनुसार, आरती अपने बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए लगातार मेहनत कर रही थी।

एक जुलाई को आरती ई-रिक्शा चलाकर लौटी थी। वाहन मालिक को किराया देने के बाद संजू भी घर पहुंच गया। इसी बीच धर्मेंद्र भी वहां आ गया। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। फिर उनके बीच रिश्तों को लेकर विवाद होने लगा। इससे पहले रेलवे स्टेशन पर भी तीनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बीच आरती ने भाई को फोन कर बताया कि धर्मेंद्र लगातार धमकी दे रहा है कि यदि वह उसके साथ नहीं रही तो वह संजू और उसे जान से मार देगा।

परिजन का आरोप है कि धर्मेंद्र और संजू ने मिलकर आरती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल, संजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है जबकि धर्मेंद्र फरार है।

पुलिस का दावा…

पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले हैं। इनमें धर्मेंद्र घटनास्थल से निकलता दिखाई दिया है। पुलिस उसके मूवमेंट को ट्रैक कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Next Post

कटनी से आ रही बस ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर, न्यू दमोह की घटना

Fri Jul 3 , 2026
दमोह. देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत आने वाले न्यू दमोह कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे एक यात्री बस के चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी. परिजन घायल को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए.जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने […]

You May Like