जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत मढ़ई में सब्जी लेने बाजार गई महिला को तीन बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने महिला के पति की कमाई का हवाला देकर शराब पीने के लिए 500 की अड़ीबाजी की। जब महिला ने पैसे देने से इंकार किया, तो बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।पुलिस के अनुसार, कोलाना मोहल्ला निवासी वर्षा कोल (25), घर का सामान और सब्जी लेने के लिए मढ़ई ऑटो स्टैंड के पास गई थी। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर बैठे इलाके के तीन शातिर युवक राज कोल, अनुज कोल और अभिषेक कोल ने उसे जबरन रोक लिया। आरोपियों ने महिला पर रौब झाड़ते हुए कहा, तुम्हारा पति कंपनी में काम करता है और बहुत पैसे कमाता है, हमें शराब पीने के लिए 500 दो।
जब वर्षा कोल ने बदमाशों के आगे झुकने से मना कर दिया और पैसे देने से साफ इंकार किया, तो तीनों आरोपी आपा खो बैठे। आरोपी राज कोल ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और वर्षा पर हमला कर दिया। चाकू सीधे महिला के बाएं पैर की जांघ में जा धंसा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। इसी बीच बाकी दो आरोपियों अनुज और अभिषेक ने भी पीड़िता को घेर लिया और लात-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की।
