पुणे, (वार्ता) महाराष्ट्र के पुणे के युवा व्यवसायी केतन अग्रवाल की कथित हत्या मामले में पुलिस ने लोहगढ़ किले के पहाड़ी इलाके के आसपास स्थलों का निरीक्षण और सभी चिह्नित स्थलों का पंचनामा किया है। आरोप है कि 18 जून को केतन को इसी किले की खाई में धकेल कर मार दिया गया।
जांच के तहत मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल को अपराध से जुड़े स्थलों पर ले जाया गया। शुरुआत में सिया गोयल ने बताया था कि केतन की हादसे में गिरकर मौत हुई थी, लेकिन परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और उसके बयानों ने इसके विपरीत संकेत दिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने हत्या से पहले और उसके बाद सिया जहां जहां गयी, उन सभी स्थानों का निरीक्षण किया गया। साक्ष्य के रूप में उसके वे कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं, जो उसने कथित तौर पर अपराध के दिन पहने थे।
जांचकर्ताओं ने उन कई स्थानों का भी दौरा किया, जहां सिया गोयल और उसके कथित साथी चेतन चौधरी के एक साथ यात्रा करने की बात सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि दोनों ने कई अलग-अलग स्थानों पर हत्या का पूर्वाभ्यास किया था और चल रही जांच के हिस्से के रूप में सभी चिह्नित स्थलों पर पंचनामा किया गया है।
इस बीच, आगे की जांच के लिए पुलिस ने लोनावला में सिया गोयल के आवास का भी दौरा किया। बताया जा रहा है कि हत्या की कड़ियों को जोड़ने वाले साक्ष्य तलाशने के लिए उसके कमरे की तलाशी ली गई।
पुलिस दोनों मुख्य आरोपियों, सिया गोयल और चेतन चौधरी का झूठ पकड़ने वाला परीक्षण (लाई डिटेक्टर) कराने की भी तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को उनके बयानों में विसंगतियां मिलीं, जिसके कारण यह वैज्ञानिक परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया। कानूनी प्रक्रियाओं और आवश्यक मंजूरियों के बाद यह परीक्षण किए जाने की उम्मीद है।
