सिंगरौली:वन विभाग रेंज करथुआ द्वारा अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है। वन परिक्षेत्र करथुआ वनमंडल सिंगरौली की टीम ने एक ही दिन में दो अलग-अलग गांवों से 25 हेक्टेयर से अधिक वन भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया है।जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी दिव्यांशु सिंह बघेल के नेतृत्व में एक विशेष रणनीति के तहत टीम गठित की गई। रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम ढिलरी में कुछ लोगों द्वारा वन भूमि पर अवैध कब्जा कर कच्ची झोपड़ियों का निर्माण किया जा रहा था।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई की और लगभग 10 हेक्टेयर वन भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई ग्राम नौगई में की गई। यहाँ नल जल योजना के तहत प्रभावित वन भूमि के बदले वन विभाग को प्राप्त हुई भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा जबरन कच्चे मकानों का निर्माण किया जा रहा था। विभाग द्वारा संबंधित अतिक्रमणकारियों को पूर्व में कई बार मौखिक समझाइश और लीगल नोटिस भी दिए गए थे, लेकिन उनके द्वारा बार-बार अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था।
जहां वन विभाग की टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए यहाँ से 15 हेक्टेयर से अधिक वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा ली। पिछले कई महीनों से करथुआ वन परिक्षेत्र की टीम शिकार, अवैध कटाई और अवैध अतिक्रमण के मामलों में लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है, जिससे हड़कंप मचा हुआ है। इस पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित भारी संख्या में वन कर्मी और सुरक्षा बल मुस्तैद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
