
हटा/दमोह। दमोह.जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कुआंखेड़ा बाजी गांव में बुधवार दोपहर घर का छप्पर सुधारते समय 40 वर्षीय युवक पर ट्रांसफार्मर का तार गिरने से उसे करंट लग गया. जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए हटा से सिविल लाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान 40 वर्षीय रतन पिता रघुवीर सिंह लोधी निवासी कुँआखेड़ा बाजी के रूप में हुई है. मृतक के चाचा ने बताया कि उनका भतीजा बुधवार दोपहर अपने कच्चे घर का छप्पर सुधार रहा था. घर के पास ही ट्रांसफार्मर लगा हुआ है. छप्पर सुधारते समय ट्रांसफार्मर का तार उसके ऊपर गिरा.जिससे करंट लग गया और वह नीचे गिर गया. जैसे ही घर के अन्य लोगों ने घटना देखी तत्काल ही उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए हटा सिविल अस्पताल लेकर आए.जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चाचा ने बताया कि भतीजा मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। बारिश का मौसम शुरू हो गया है और कच्चा मकान है जिससे बारिश के समय घर के अंदर पानी गिरता है। इसलिए वह घर के छप्पर को सुधार रहा था, लेकिन तभी करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. बिजली विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन लोगो की जान जा रही है। जर्जर तार झुके हुए पोल के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है। जिस कारण घटना घटित होती है। बहरहाल हटा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया है और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
