राउंडग्लास हॉकी अकादमी के गुरसेवक सिंह भारतीय जूनियर पुरुष टीम के यूरोप दौरे के लिए चयनित

चंडीगढ़, 01 जुलाई (वार्ता) राउंडग्लास हॉकी अकादमी (आरजीएचए) ने एक बार फिर भारतीय हॉकी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी देने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए फॉरवर्ड गुरसेवक सिंह के भारतीय जूनियर पुरुष टीम में चयन पर गर्व जताया है। गुरसेवक को आगामी बेल्जियम एक्सपोज़र टूर 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
5 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस दौरे के दौरान भारतीय जूनियर टीम बेल्जियम में यूरोप की चार मजबूत हॉकी टीमों-ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड-के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। इस दौरे का उद्देश्य भारत के उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य की वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।

हॉकी इंडिया द्वारा फॉरवर्ड खिलाड़ियों के समूह में चुने गए गुरसेवक सिंह राउंडग्लास हॉकी अकादमी के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अकादमी की कई टीमों की कप्तानी भी की है और देशभर में कई खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई है। उनका चयन एक बार फिर राउंडग्लास हॉकी अकादमी की विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं और उत्कृष्ट खिलाड़ी विकास प्रणाली का प्रमाण है। गुरसेवक सिंह को मई 2024 में पहली बार भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय बुलावा मिला था, जब उन्होंने बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड के यूरोपीय दौरे में हिस्सा लिया था। घरेलू प्रतियोगिताओं में राउंडग्लास हॉकी अकादमी के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें हॉकी इंडिया के 40 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भी शामिल किया गया था।

गुरसेवक का भारतीय जूनियर टीम में चयन राउंडग्लास हॉकी अकादमी के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि है। कुछ ही दिन पहले अकादमी की अंडर-18 टीम ने सिडनी में इंटरनेशनल यूथ हॉकी कप जीतकर ऑस्ट्रेलिया में हॉकी खिताब जीतने वाली पहली भारतीय हॉकी अकादमी बनने का गौरव हासिल किया था। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 और 8 जुलाई को ऑस्ट्रिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम 10 जुलाई को मेज़बान बेल्जियम, 13 जुलाई को जर्मनी, 14 जुलाई को एक बार फिर बेल्जियम और 17 जुलाई को नीदरलैंड के खिलाफ अपना अंतिम मुकाबला खेलेगी। बेल्जियम एक्सपोज़र टूर के लिए भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम गोलकीपर: विवेक लकड़ा, कुणाल तिवातिया डिफेंडर: अनमोल एक्का, रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, प्रशांत बरला, संजीत तिर्की, वी. मणिमारन मिडफील्डर: अद्रोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल, मुकेश टोप्पो, मन्नू मलिक, रितिक लकड़ा फॉरवर्ड: अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, अर्जुन हरगुडे, आर्यन ज़ेस, लोवनूर सिंह, मोहम्मद कोनैन दाद, गुरसेवक सिंह

.....

Next Post

मौत को छूकर निकले दो दोस्त: व्यापम चौराहे के पास भीषण सड़क हादसा, ट्राला चालक फरार

Wed Jul 1 , 2026
भोपाल। एमपी नगर थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। व्यापम चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्राले ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी […]

You May Like