मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र को उसकी सतत विकास नीतियों के लिए 15वें कृषि नेतृत्व पुरस्कार समिति की ओर से कृषि क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ राज्य घोषित किया गया है।
राज्य के कृषि मूल्य आयोग के अध्यक्ष पाशा पटेल ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 10 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार 2024 प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि 15वें कृषि नेतृत्व पुरस्कार समिति ने शनिवार को पूर्व मुख्य न्यायाधीश पी. सदाशिवम की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय लिय। समिति ने पर्यावरण संरक्षण एवं खाद्य सुरक्षा के माध्यम से राज्य में अपनाई गई सतत विकास नीतियों पर ध्यान दिया।
श्री पाटिल ने कहा कि श्री शिंदे के नेतृत्व में सरकार ने राज्य में बांस की खेती, मोटा अनाज श्रीअन्न अभियान और थर्मल पावर उत्पादन में बायोमास के उपयोग जैसे क्रांतिकारी कदम उठाए हैं।
यह पुरस्कार 15वें कृषि नेतृत्व सम्मेलन के हिस्से के रूप में प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ब्राजील, अल्जीरिया, नीदरलैंड के राजदूत तथा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड के मंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।