इंदौर में खाद्य सुरक्षा का सघन अभियान, 64 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

इंदौर: जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में विद्यालयों, डेयरी, मसाला निर्माण इकाइयों, नमकीन और मिठाई प्रतिष्ठानों सहित विभिन्न खाद्य कारोबारियों का निरीक्षण कर 64 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए. वहीं, चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से 23 नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिनमें 3 नमूने अमानक पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई.

अभियान के दौरान म्ीन्स कॉलेज और चोइथराम स्कूल के भोजनालय एवं कैंटीन का निरीक्षण कर दाल, राजमा, बेसन, आटा, नमकीन चावल, आलू की सब्जी और चना मसाला सहित 10 नमूने लिए गए. निरीक्षण में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन संतोषजनक पाया गया. खाद्य सुरक्षा अनुपालन प्रणाली (एफओएससीओएस) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर बाबा कुल्फी (राऊ), यादव डेयरी फार्म तथा शर्मा कॉस्मेटिक एंड किराना का निरीक्षण कर मिठाई, दूध, पनीर, दही, घी, रस्क और नमकीन सहित 17 नमूने लिए गए. जोखिम आधारित निरीक्षण प्रणाली के तहत कृष्ण मिल्क प्रोडक्ट, एलआईटी स्पाइसेज़, कृष्णा डेयरी स्वीट्स एंड नमकीन तथा प्रकाश नमकीन उद्योग से 22 नमूने, जबकि भेरुनाथ नमकीन, सांवरिया दूध डेयरी स्वीट्स एंड एवरफ्रेश तथा गंगा नमकीन स्वीट्स एंड बेकरी से 15 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए.

निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, पानी की नियमित जांच, चिकित्सीय स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, कीट नियंत्रण अभिलेख तथा वैध खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए. साथ ही चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य मिलावट की पहचान और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूक भी किया गया. सभी 64 नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

मिस्ट्री, एक्शन और पीरियड ड्रामा का डबल डोज, जुलाई में OTT पर आएगा कंटेंट का तूफान

Wed Jul 1 , 2026
जुलाई का महीना में ओटीटी पर केवल कहानियां नहीं बदलेंगी, बल्कि सस्पेंस, हाई-ऑक्टेन एक्शन, दिल छू लेने वाले पीरियड ड्रामा और कॉमेडी का एक ऐसा अनोखा संगम देखने को मिलेगा। थिएटर्स में तहलका मचाने के बाद कई बड़ी फिल्में अब सीधे आपके मोबाइल और टीवी स्क्रीन्स पर दस्तक देने आ […]

You May Like