
शाजापुर. जिले की सुन्दरसी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भडक़ाऊ पोस्ट साझा करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों की शिकायत के बाद की गई है. आरोपी युवक सकराई निवासी तालिब शाह है.
जानकारी के अनुसार 28 जून को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सुन्दरसी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम अकाउंट तालिब शाह 16.20 चलाने वाले तालिब शाह ने एक रील पोस्ट की थी. इस रील में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और प्रधानमंत्री के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया था. शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द तथा शांति भंग हो सकती है. पुलिस ने शिकायत को लोकल शिकायत रजिस्टर में दर्ज कर जांच शुरू कर दी. शिकायत के साथ संबंधित इंस्टाग्राम पोस्ट की छायाप्रति और वीडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में प्रस्तुत की गई थी. प्रथम दृष्टया पुलिस ने मामला दर्ज किया है. यह भी बताया गया है कि जिला दंडाधिकारी शाजापुर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता बीएनएसएस की धारा 163 के अंतर्गत आदेश जारी किए हैं. इन आदेशों में सोशल मीडिया पर किसी भी समुदाय की भावनाएं भडक़ाने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट या प्रसारित न करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने मामले में डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण शुरू कर दिया है. जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
