सूर्यवंशी को थोड़ा इंतजार करना होगा: डेशकाटे

लंदन, 29 जून (वार्ता) भारतीय टी-20 टीम के सहायक कोच रायन टेन डेशकाटे ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के लिए शेष खिलाड़ियों की तरह ही तय प्रक्रिया से गुजरना और अपने समय का इंतजार करना होगा। आयरलैंड के खिलाफ दूसरी टी-20 में मिली हार के बाद टेन डेशकाटे से सूर्यवंशी के पदार्पण को लेकर किये गये सवाल के जवाब में कहा, “वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन आप संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता जिन्होंने तीन महीने पहले भारत की विश्व कप जीत में अहम योगदान दिया था। उनका आईपीएल भी बेहतरीन रहा था। सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दो शतक लगाए थे।”

उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देना और उन्हें सही संदेश भेजना भी जरूरी है। हम खिलाड़ियों को टीम में लंबा अवसर देना चाहते हैं। इसलिए वैभव जितने भी तैयार हों और हम एवं आप उन्हें खेलते देखने के लिए जितने भी उत्साहित हों, उन्हें भी बाक़ी खिलाड़ियों की तरह प्रक्रिया से गुजरना होगा और अपने समय का इंतज़ार करना होगा। लेकिन उनकी प्रतिभा और तैयारी को लेकर कोई सवाल नहीं है।”

टीम प्रबंधन की बातों से यही संकेत मिलता है कि सूर्यवंशी का पदार्पण उनके अपने प्रदर्शन से अधिक मौजूदा शीर्ष क्रम के बल्लेबाजो के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। पहले मैच में सीम गेंदबाजी ऑलराउंडर की कमी होने के बावजूद, भारत ने कोई अपवाद बनाने और बल्लेबाज़ी क्रम में सभी को एक स्थान नीचे खिसकाने पर विचार नहीं किया। पहले मैच में स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर खेले थे। दूसरे मैच में सूर्यांश शेडगे ने पदार्पण किया।

उल्लेखनीय है कि सूर्यवंशी केवल भारत की टी-20 टीम का हिस्सा हैं, वनडे टीम का नहीं। उन्हें इंग्लैंड में होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए चुना गया है, जो बुधवार से शुरू होगी। इसके बाद वह एशियाई खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

 

Next Post

मनरेगा को कमजोर कर नई योजना लाना ग्रामीण गरीबों के हितों के खिलाफ सरकार पुनर्विचार करे : कुमारी सैलजा

Mon Jun 29 , 2026
सिरसा, 29 जून (वार्ता) हरियाणा में सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार द्वारा एक जुलाई से लागू की जा रही नई ग्रामीण रोजगार योजना वीबीजी-आरएएमजी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यदि नई व्यवस्था से राज्यों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ता है, मजदूरों के […]

You May Like