सिंगरौली : इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली द्वारा संचालित सेंट जॉन एम्बुलेंस के तत्वाधान में एसपी दफ्तर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए व्यापक प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एसडी सिंह एवं सचिव डॉ. ओपी राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी जीवनरक्षक सहायता प्रदान करने के लिए दक्ष बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान रेडक्रॉस के फर्स्ट एड ट्रेनर डॉ. सुशील सिंह चंदेल ने सड़क दुर्घटना, हृदयाघात, स्ट्रोक, चोकिंग, सर्पदंश, जलने, विषाक्तता, फ्रैक्चर एवं स्पाइनल इंजरी जैसी आपात स्थितियों में वैज्ञानिक तरीके से प्राथमिक उपचार देने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कॉर्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन का डेमो प्रस्तुत किया तथा डम्मी पर पुलिसकर्मियों से व्यावहारिक अभ्यास भी कराया, जिससे प्रतिभागियों ने जीवनरक्षक तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से सीखा।
इसके अलावा स्ट्रेचर तकनीक, अस्थायी स्ट्रेचर निर्माण, बैंडेजिंग, स्प्लिंटिंग, घावों की देखभाल एवं अन्य आवश्यक प्राथमिक उपचार विधियों का भी व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। रक्तदान के महत्व और आपातकालीन स्थिति में इसकी उपयोगिता के संबंध में भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक किया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और इसे अत्यंत उपयोगी एवं व्यवहारिक बताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में जय प्रकाश दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
